Site icon AB News24.in

Raipur News: रक्षाबंधन पर बहन की अस्थियां विसर्जित करने पहुंचे भाई को खारुन नदी बहा ले गई

रायपुर, 29 अगस्त। Raipur News: रक्षाबंधन के दिन रायपुर में एक परिवार के लिए खुशी का पर्व गहरे दुख में बदल गया। बहन की अस्थियां विसर्जित करने महादेव घाट पहुंचे भाई युधिष्ठिर सारंग खारुन नदी में नहाने के दौरान तेज बहाव में बह गया। रायपुरा के सतनामीपारा निवासी युधिष्ठिर का शुक्रवार देर शाम तक पता नहीं चल सका।

नहाने के दौरान बिगड़ा संतुलन

डीडीनगर पुलिस के मुताबिक, युधिष्ठिर शुक्रवार दोपहर परिवार के साथ महादेव घाट पहुंचा था। परिवार ने पहले उसकी बहन की अस्थियों का विसर्जन किया। इसके बाद युधिष्ठिर नदी में नहाने के लिए उतर गया। नदी में तेज बहाव था और गहराई का अंदाजा नहीं होने के कारण वह आगे चला गया। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह तेज धारा में बहने लगा।

बचाने उतरा युवक भी डूबने लगा

बताया गया कि नदी में बहने के दौरान युधिष्ठिर ने खुद को संभालने और किनारे पहुंचने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव के कारण वह आगे की ओर बहता चला गया। उसे बचाने के लिए एक युवक नदी में उतरा, लेकिन वह भी डूबने लगा। मौके पर मौजूद मछुआरों ने दूसरे युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन युधिष्ठिर का पता नहीं चल सका।

SDRF के पहुंचने में देरी का आरोप

घटना की सूचना मिलते ही डीडीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। युवक की तलाश के लिए SDRF की टीम को भी बुलाया गया। परिजनों ने टीम के करीब एक से डेढ़ घंटे की देरी से पहुंचने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि घटनास्थल पर पहले से SDRF टीम मौजूद नहीं थी और सूचना के बाद माना से महादेव घाट पहुंचने में समय लगा।=

Exit mobile version