Site icon AB News24.in

Raipur News: रायपुर में 16 जुलाई को निकलेगी भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा… तैयारियां पूरी

राजधानी रायपुर के गायत्री नगर स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर में भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 16 जुलाई को भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र

रायपुर में 16 जुलाई

रायपुर, 14 जुलाई। Raipur News: राजधानी रायपुर के गायत्री नगर स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर में भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 16 जुलाई को भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और माता सुभद्रा तीनों आकर्षक रथों पर विराजमान होकर नगर भ्रमण करेंगे और भक्तों को दर्शन देंगे। इससे पहले 14 जुलाई को मंदिर परिसर में नेत्रोत्सव का आयोजन किया जाएगा।

मंदिर सेवा समिति के अनुसार तीनों दिव्य रथों को पारंपरिक शैली में भव्य रूप से सजाया गया है। रथयात्रा के दिन सुबह वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार विशेष पूजा-अर्चना, अभिषेक और हवन होगा। भगवान का चंदन, केसर, कस्तूरी और कपूर जैसे सुगंधित द्रव्यों से अभिषेक किया जाएगा तथा गजामूंग महाप्रसाद अर्पित किया जाएगा। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार और शंखनाद के बीच भगवान रथों पर विराजमान होकर नगर भ्रमण के लिए प्रस्थान करेंगे।

रथयात्रा के दौरान ओडिशा की प्राचीन ‘छेरा पहरा’ परंपरा भी निभाई जाएगी। इस अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भगवान के रथ के सामने सोने की झाड़ू से सेवा करेंगे। आयोजन में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि, संत-महात्मा और सामाजिक-धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है।

रथयात्रा के दौरान मंदिर परिसर और शहर में भक्ति का माहौल रहेगा। महिला मंडलों द्वारा भजन-कीर्तन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, धार्मिक झांकियां और पारंपरिक लोकनृत्य प्रस्तुत किए जाएंगे। पूरे मार्ग पर ‘जय जगन्नाथ’ के जयघोष के साथ श्रद्धालु भगवान के दर्शन करेंगे।

मंदिर सेवा समिति ने बताया कि 24 जुलाई को बाहुड़ा यात्रा आयोजित होगी, जिसमें भगवान अपने रथों के माध्यम से पुनः मंदिर लौटेंगे। समिति ने श्रद्धालुओं से परिवार सहित रथयात्रा में शामिल होकर भगवान श्री जगन्नाथ का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।

Exit mobile version