Site icon AB News24.in

Raipur News: सावन में शिवभक्ति में डूबा रायपुर… कांवड़ यात्रा में शामिल हुए CM साय

रायपुर, 23 अगस्त। Raipur News: पवित्र श्रावण मास के अवसर पर राजधानी रायपुर शिवभक्ति में डूबी नजर आई। गुढ़ियारी स्थित मारुति मंगलम परिसर में आयोजित भव्य कांवड़ यात्रा में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए। उन्होंने भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से रुद्राभिषेक और पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।

मुख्यमंत्री साय ने कांवड़ यात्रा में शामिल शिवभक्तों का उत्साह बढ़ाया और सभी को सावन की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान बड़ी संख्या में कांवड़िए पवित्र जल लेकर महादेव घाट स्थित भगवान हटकेश्वरनाथ महादेव मंदिर में जलाभिषेक के लिए रवाना हुए।

आस्था और एकता का पर्व है कांवड़ यात्रा

मुख्यमंत्री ने कहा कि सावन का महीना भगवान शिव की आराधना और भक्ति का विशेष अवसर है। कांवड़ यात्रा हमारी आस्था, भक्ति और समर्पण की अभिव्यक्ति है। कठिन यात्रा के बावजूद शिवभक्तों का उत्साह और श्रद्धा सनातन संस्कृति में आस्था की शक्ति को दर्शाती है।

उन्होंने कहा कि गुढ़ियारी से महादेव घाट तक निकलने वाली यह यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता का उत्सव भी है। ऐसे आयोजनों से समाज में आपसी सद्भाव और भाईचारे की भावना मजबूत होती है।

धार्मिक स्थलों के विकास पर जोर

CM साय ने भगवान हटकेश्वरनाथ महादेव मंदिर के धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि यह छत्तीसगढ़ की प्राचीन शिव आराधना परंपरा का प्रमुख केंद्र है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के प्रमुख धार्मिक और आध्यात्मिक स्थलों के विकास के साथ श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी भी अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़ती है।

कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक राजेश मूणत, सुनील सोनी, मोतीलाल साहू और पुरंदर मिश्रा समेत जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

Exit mobile version