Site icon AB News24.in

Raipur News: रायपुर में चेकिंग के दौरान मिली चोरी की बाइक… पुलिस को देखकर चालक फरार

रायपुर, 20 अगस्त। Raipur News: शहर की यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और सुचारू बनाए रखने के लिए रायपुर यातायात पुलिस लगातार वाहन चेकिंग कर रही है। इसी दौरान शारदा चौक में चेकिंग के दौरान बिना नंबर की बाइक बरामद की गई, जो जांच में चोरी की निकली।

कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला और डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में यातायात पुलिस की टीम संदिग्ध वाहनों और लोगों पर नजर रख रही थी। इसी दौरान QRT टीम ने बिना नंबर की हीरो स्प्लेंडर प्लस बाइक को रोकने का प्रयास किया।

पुलिस को देखकर बाइक छोड़कर भागा चालक

पुलिस के मुताबिक, वाहन चालक पुलिस को देखकर बाइक मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद यातायात पुलिस ने मोबाइल ई-चालान डिवाइस के जरिए बाइक के इंजन और चेचिस नंबर की जांच की।

जांच में बाइक का पंजीयन नंबर CG-04-NN-2680 सामने आया। वाहन स्वामी से संपर्क करने पर उन्होंने बाइक चोरी होने की जानकारी दी और बताया कि इस संबंध में थाना सिविल लाइन, रायपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।

चोरी की रिपोर्ट की हुई पुष्टि

यातायात पुलिस ने सिविल लाइन थाना से जानकारी की तो बाइक के चोरी होने और एफआईआर दर्ज होने की पुष्टि हुई। इसके बाद बाइक को सुरक्षित रूप से यातायात थाना, शारदा चौक में खड़ा कराया गया और आगे की कार्रवाई के लिए सिविल लाइन थाना पुलिस को सूचना दी गई।

फरार वाहन चालक की तलाश की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई संबंधित थाना पुलिस द्वारा की जाएगी।

पुलिसकर्मियों को मिला पुरस्कार

चोरी की बाइक बरामद करने में सतर्कता और तत्परता दिखाने वाली टीम को प्रोत्साहित करने के लिए रायपुर कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने पुलिसकर्मियों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

यातायात पुलिस की अपील

यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वाहन चलाते समय सभी जरूरी दस्तावेज अपने साथ रखें। साथ ही किसी भी संदिग्ध वाहन या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। शहर में वाहन चेकिंग और संदिग्ध वाहनों की जांच आगे भी जारी रहेगी।

Exit mobile version