Site icon AB News24.in

Raipur News: रायपुर कलेक्टर के सख्त निर्देश… सरकारी सेवाओं में देरी पर लगेगा जुर्माना

रायपुर, 19 अगस्त। Raipur News: कलेक्टोरेट के रेडक्रॉस भवन में मंगलवार को कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने समय-सीमा की बैठक ली। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लोगों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ तय समय के भीतर मिलना चाहिए। उन्होंने साफ कहा कि लोकसेवा गारंटी अधिनियम का पालन नहीं करने वाले विभागों पर कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्टर ने कहा कि सरकारी सेवाएं देने में देरी होने पर संबंधित अधिकारी पर जुर्माना भी लगाया जाएगा। उन्होंने सभी विभागों को लंबित मामलों का समय पर निराकरण करने के निर्देश दिए।

जर्जर सरकारी भवनों पर तुरंत कार्रवाई

कलेक्टर ने जिले में जर्जर सरकारी भवनों की भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जिन सरकारी भवनों का कोई हिस्सा जर्जर हो चुका है, उसे तत्काल गिराने की कार्रवाई की जाए। ऐसे भवनों से कभी भी हादसा हो सकता है। अधिकारियों को सभी जर्जर भवनों की जांच कर जरूरी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

बच्चों के लिए चलेगा शिशु संरक्षण माह अभियान

बैठक में शिशु संरक्षण माह अभियान की भी जानकारी दी गई। सीएमएचओ डॉ. मिथिलेश चौधरी ने बताया कि अभियान के तहत जिले में हर मंगलवार और शुक्रवार को विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे।

अभियान के दौरान 9 महीने से 5 साल तक के बच्चों को आयरन-फोलिक एसिड (IFA) सिरप दिया जाएगा। बच्चों को सप्ताह में दो तय दिनों पर यह सिरप पिलाया जाएगा। इसके अलावा इसी आयु वर्ग के बच्चों को हर 6 महीने में विटामिन-ए की खुराक भी दी जाएगी।

रायपुर जिले में 2 लाख 51 हजार 432 बच्चों को IFA सिरप और 2 लाख 37 हजार 464 बच्चों को विटामिन-ए देने का लक्ष्य रखा गया है।

छूटे बच्चों का होगा टीकाकरण

कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास विभाग और शिक्षा विभाग को स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर अभियान चलाने के निर्देश दिए। आंगनबाड़ी केंद्रों और स्कूलों के माध्यम से ऐसे बच्चों की पहचान की जाएगी, जिनका टीकाकरण किसी कारण से छूट गया है। इसके बाद उनका टीकाकरण कराया जाएगा।

कलेक्टर ने अभियान की नियमित निगरानी करने और बच्चों तक स्वास्थ्य सेवाएं समय पर पहुंचाने के भी निर्देश दिए।

बैठक में नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन, अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर और एडीएम उमाशंकर बंदे समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Exit mobile version