रायपुर, 09 अक्टूबर। Raipur Police: नवरात्रि के दौरान शहर में होने वाले गरबा आयोजनों को लेकर रायपुर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस ने आयोजकों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े जरूरी निर्देश दिए हैं। सभी आयोजकों को नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है।
एडवाइजरी के अनुसार, गरबा स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे, सुरक्षा गार्ड, महिला और पुरुष वालंटियर के साथ फायर सेफ्टी की व्यवस्था अनिवार्य होगी। आयोजकों को आयोजन स्थल की क्षमता के अनुसार ही लोगों को प्रवेश देना होगा। निर्धारित क्षमता से अधिक भीड़ जुटाने पर कार्रवाई की जा सकती है।
पुलिस ने गरबा स्थलों पर हथियार, नशीले पदार्थ और ज्वलनशील सामग्री ले जाने पर प्रतिबंध लगाया है। सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही न हो, इसके लिए आयोजकों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस का उद्देश्य नवरात्रि के दौरान गरबा आयोजनों को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना है, ताकि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के उत्सव में शामिल हो सकें।

