रायपुर, 19 सितंबर। Raipur Police Action: गुढ़ियारी थाना परिसर में हंगामे और कथित तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने BJYM जिला उपाध्यक्ष शुभांकर द्विवेदी की गिरफ्तारी के लिए शुक्रवार रात उनके घर दबिश दी। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही उनके घर से फरार होने की बात सामने आई है। पुलिस अब उनकी तलाश कर रही है।
मामला निर्धारित समय के बाद डीजे बजाने को लेकर हुई पुलिस कार्रवाई से जुड़ा बताया जा रहा है। आरोप है कि डीजे संचालक को छोड़ने के लिए थाना परिसर में पुलिस पर दबाव बनाया गया। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और थाना परिसर में रखे कुछ सामान में कथित तौर पर तोड़फोड़ की गई।
इस मामले में पुलिस ने शुभांकर द्विवेदी और उनके साथियों के खिलाफ FIR दर्ज की है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर तलाश कर रही है।
वहीं, गुढ़ियारी थाना प्रभारी नरेंद्र साहू से कथित दुर्व्यवहार के मामले को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ ने पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला को पत्र सौंपा है। संघ ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के साथ मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

