Raipur Teej Milan: तीज मिलन समारोह में CM साय बोले… महिला सशक्तिकरण और संस्कृति को बढ़ावा देना प्राथमिकता

Raipur Teej Milan: तीज मिलन समारोह में CM साय बोले… महिला सशक्तिकरण और संस्कृति को बढ़ावा देना प्राथमिकता

रायपुर, 23 सितंबर। Raipur Teej Milan: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मंगलवार को राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा के निवास पर आयोजित तीज मिलन समारोह में शामिल हुए। उन्होंने माताओं-बहनों से मुलाकात कर उन्हें तीज पर्व की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति और परंपराओं में मातृशक्ति का विशेष स्थान है और महिलाओं का सम्मान, सुरक्षा तथा आर्थिक सशक्तिकरण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

मुख्यमंत्री साय ने महतारी वंदन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि 68 लाख से अधिक महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये की राशि सीधे बैंक खातों में दी जा रही है। उनके अनुसार, 31 किस्तों के माध्यम से अब तक 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि महिलाओं के खातों में पहुंचाई गई है।

उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता देना नहीं, बल्कि महिलाओं को स्थायी आजीविका, कौशल और स्वरोजगार से जोड़ना भी है। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 13 लाख 85 हजार महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं विभिन्न आर्थिक गतिविधियों और छोटे व्यवसायों के जरिए परिवार की आय बढ़ाने में योगदान दे रही हैं।

मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ की कला और संस्कृति को देश-दुनिया तक पहुंचाने की बात भी कही। उन्होंने बताया कि प्रदेश में फिल्म निर्माण को बढ़ावा देने के लिए करीब 650 करोड़ रुपये की लागत से फिल्म सिटी तैयार की जा रही है। इससे स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं के लिए नए अवसर मिलने की बात कही।

समारोह में मुख्यमंत्री ने कलाकारों को सम्मानित किया। वहीं, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने छत्तीसगढ़ी लोकगीत प्रस्तुत कर माताओं-बहनों का अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने मंत्री के निवास पर भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना भी की।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ केश शिल्पी विकास बोर्ड के अध्यक्ष गौरी शंकर श्रीवास, चर्म शिल्पकार बोर्ड के अध्यक्ष ध्रुव कुमार मिर्धा, छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन, विधायक रोहित साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, श्रीमती वीणा सिंह सहित बड़ी संख्या में माताएं-बहनें, कलाकार और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

National