Site icon AB News24.in

Raipur Tiranga Yatra: रायपुर में आज निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा… 10 से 1 बजे तक ट्रैफिक डायवर्ट

रायपुर, 10 अगस्त। Raipur Tiranga Yatra: स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में राजधानी रायपुर में आज सोमवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा को देखते हुए यातायात पुलिस ने शहर के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक यात्रा मार्ग पर सामान्य वाहनों की आवाजाही बंद या डायवर्ट रहेगी।

तिरंगा यात्रा बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम, बूढ़ातालाब से शुरू होकर शहर के प्रमुख चौक-चौराहों से गुजरते हुए सुभाष स्टेडियम में समाप्त होगी। यात्रा में बड़ी संख्या में स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थी, जनप्रतिनिधि और आम नागरिक शामिल होंगे।

यात्रा के दौरान इंडोर स्टेडियम, सिद्धार्थ चौक, पुरानी बस्ती, कालीबाड़ी और महिला थाना चौक से सुभाष स्टेडियम तक सामान्य वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। वहीं पचपेड़ीनाका, भाटागांव और सुंदर नगर की ओर से आने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा।

यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे सुबह 10 से दोपहर 1 बजे के बीच जरूरी काम के लिए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें। सुरक्षा के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहनों को प्राथमिकता से रास्ता दिया जाएगा।

यात्रा में शामिल होने वाले लोगों के वाहनों के लिए इंडोर स्टेडियम और बूढ़ातालाब परिसर में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। पुलिस ने शहरवासियों से ट्रैफिक नियमों का पालन करते हुए सहयोग की अपील की है।

Exit mobile version