Site icon AB News24.in

Raipur Tiranga Yatra: रायपुर में निकली भव्य तिरंगा यात्रा…CM विष्णुदेव साय ने लहराया तिरंगा

रायपुर, 10 अगस्त। Raipur Tiranga Yatra: राजधानी रायपुर सोमवार को देशभक्ति के रंग में रंगी नजर आई। बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम से सुभाष स्टेडियम तक निकली भव्य तिरंगा यात्रा में हजारों नागरिकों ने हिस्सा लिया। हाथों में तिरंगा, देशभक्ति के गीत और ‘भारत माता की जय’ के जयघोष से पूरा शहर गूंज उठा।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने खुद हाथ में तिरंगा लेकर लोगों के साथ कदम से कदम मिलाया। यात्रा में युवा, महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग, पूर्व सैनिक और विभिन्न सामाजिक वर्गों के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए। स्कूली विद्यार्थियों द्वारा करीब एक किलोमीटर लंबे तिरंगे को थामकर चलना यात्रा का प्रमुख आकर्षण रहा।

‘तिरंगा हमारी आन, बान और शान’

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि भारत की एकता, अखंडता, स्वाभिमान और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान का प्रतीक है। अलग-अलग भाषा, संस्कृति और परंपराओं के बावजूद तिरंगा देशवासियों को एक सूत्र में जोड़ता है।

उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम और वीर सेनानियों के संघर्ष से परिचित कराना जरूरी है, ताकि युवा आजादी के महत्व और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को समझ सकें। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों में सम्मान के साथ तिरंगा फहराने और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने की अपील की।

छत्तीसगढ़ के वीरों को किया याद

मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ के स्वतंत्रता संग्राम के नायकों शहीद वीर नारायण सिंह और गुण्डाधुर को याद किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की धरती वीरों और बलिदानियों की धरती रही है। इन महानायकों की शौर्यगाथा नई पीढ़ी तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है।

बदलते बस्तर में शांति और विकास का संदेश

CM साय ने कहा कि बस्तर अब हिंसा और भय के दौर से निकलकर शांति, विश्वास और विकास की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से बस्तर में लोगों का लोकतांत्रिक व्यवस्था पर भरोसा मजबूत हुआ है। इस वर्ष बस्तर में भी स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह के साथ मनाया जाएगा और तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी।

पुष्पवर्षा और जयघोष से गूंजा रायपुर

तिरंगा यात्रा के मार्ग में नागरिकों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। घरों और प्रतिष्ठानों से लोगों ने तिरंगा लहराकर यात्रा का अभिनंदन किया। ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘झंडा ऊंचा रहे हमारा’ के नारों से पूरा वातावरण देशभक्ति से सराबोर रहा।

डिप्टी CM ने भी जताया राष्ट्रप्रेम

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि तिरंगा यात्रा स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि युवाओं की बड़ी भागीदारी बताती है कि नई पीढ़ी के दिल में राष्ट्रप्रेम की भावना मजबूत है।

वहीं उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने तिरंगा यात्रा को राष्ट्रभक्ति की सामूहिक अभिव्यक्ति बताया। उन्होंने प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों में तिरंगा फहराने और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने की अपील की।

यात्रा में कई मंत्री, सांसद, विधायक, महापौर, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, पूर्व सैनिक, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए।

Exit mobile version