Site icon AB News24.in

Raipur Viral Video: कारोबारी के काफिले में पुलिस की गाड़ी… किसके आदेश पर मिली पायलटिंग?

रायपुर, 06 नवम्बर। Raipur Viral Video: राजधानी रायपुर में एक सर्राफा कारोबारी के लग्जरी वाहनों के काफिले के साथ पुलिस की सफेद स्कॉर्पियो चलने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में काफिले में शामिल कुछ लोग चलती गाड़ियों की खिड़कियों से बाहर निकलकर स्टंट करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की भूमिका और यातायात व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

वायरल वीडियो में कारोबारी कार्तिक गिरि के काफिले के आगे पुलिस का वाहन चलता दिखाई दे रहा है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर एक निजी कारोबारी के काफिले को पुलिस की पायलटिंग किस आधार पर दी गई? क्या कारोबारी को किसी तरह का सुरक्षा खतरा था या फिर किसी सक्षम अधिकारी ने इसके लिए अनुमति दी थी?

मामले में यह भी सवाल उठ रहे हैं कि पुलिस वाहन की तैनाती किसके आदेश पर की गई थी और क्या इसके लिए कोई आधिकारिक अनुमति या रिकॉर्ड मौजूद है। यदि सुरक्षा के लिहाज से पुलिस वाहन लगाया गया था, तो इसकी वजह और अनुमति का आधार स्पष्ट किया जाना चाहिए।

वहीं, वीडियो का दूसरा पहलू यातायात नियमों से जुड़ा है। काफिले में शामिल लोग चलती गाड़ियों से बाहर निकलकर स्टंट करते दिखाई दे रहे हैं। इस तरह की हरकतों से सड़क पर चल रहे अन्य वाहन चालकों और राहगीरों की सुरक्षा को खतरा हो सकता है। सवाल यह भी है कि पुलिस वाहन मौजूद होने के बावजूद ऐसी गतिविधियों को रोकने के लिए कार्रवाई क्यों नहीं की गई?

बताया जा रहा है कि पुलिस लाइन के आरआई ने इस घटनाक्रम की जानकारी होने से इनकार किया है। ऐसे में अब पुलिस कमिश्नरेट की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल इस पूरे मामले में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है।

Exit mobile version