रायपुर, 09 अगस्त। Raipur Viral Video: आमानाका थाना क्षेत्र स्थित टिटोस क्लब का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में छत्तीसगढ़ शिवसेना प्रमुख धनंजय परिहार तलवार से केक काटते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि वीडियो उनके जन्मदिन के सेलिब्रेशन का है।
वीडियो में क्लब के अंदर बड़ी संख्या में युवक-युवतियां पार्टी करते दिखाई दे रहे हैं। तेज संगीत के बीच धनंजय परिहार तलवार से केक काटते हैं और आसपास मौजूद लोग जश्न मनाते हुए वीडियो बनाते नजर आ रहे हैं।
शिवसेना प्रमुख ने दी सफाई
वायरल वीडियो को लेकर धनंजय परिहार ने कहा कि यह वीडियो करीब छह महीने पुराना है। उन्होंने बताया कि दोस्तों के कहने पर उन्होंने तलवार से केक काटा था। उनका कहना है कि इसका मकसद किसी को नुकसान पहुंचाना नहीं था।
देर रात पार्टी को लेकर भी सवाल
वीडियो में आधी रात के बाद भी क्लब में पार्टी चलती दिखाई दे रही है। इसे लेकर क्लब में देर रात तक शराब परोसे जाने के आरोप भी लगाए जा रहे हैं।
मामले पर ADCP पश्चिम राहुल देव शर्मा ने कहा कि वायरल वीडियो की जांच कराई जाएगी। जांच में यदि नियमों का उल्लंघन सामने आता है तो क्लब संचालक समेत संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
क्लब संचालक ने आरोपों को नकारा
क्लब की ओर से सफाई दी गई है कि शराब परोसने का निर्धारित समय रात 12 बजे तक है। इसके बाद ग्राहकों को बाहर निकलने में कुछ समय लग सकता है, लेकिन 12 बजे के बाद शराब नहीं परोसी जाती।
क्लब संचालक की ओर से यह भी आरोप लगाया गया है कि कुछ लोग पुराने वीडियो को बार-बार सोशल मीडिया पर साझा कर ब्लैकमेल करने की कोशिश कर रहे हैं।

