Site icon AB News24.in

Rajasthan Kidnapping Case: राजस्थान से अगवा 2 साल का बच्चा मथुरा से सुरक्षित बरामद… आरोपी गिरफ्तार

रायपुर, 22 अक्टूबर। Rajasthan Kidnapping Case: राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ जिले में घर के बाहर खेल रहे दो साल के बच्चे के अपहरण का मामला सामने आया है। पुलिस ने करीब 150 किलोमीटर तक तलाश और 350 CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद बच्चे को उत्तर प्रदेश के मथुरा से सुरक्षित बरामद कर लिया। मामले में बिहार के रोहतास जिले के सासाराम निवासी विवेक कुमार को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी के पास से त्रिशूल और शृंगार का सामान मिला है। इसके बाद बच्चे के अपहरण के पीछे नर बलि की आशंका को लेकर भी जांच की जा रही है। हालांकि, आरोपी का वास्तविक मकसद अभी स्पष्ट नहीं हुआ है।

18 अक्टूबर को घर के बाहर से लापता हुआ बच्चा

पुलिस को 18 अक्टूबर को दोपहर करीब 3:45 बजे सूचना मिली कि नीमराना थाना क्षेत्र में घर के बाहर खेल रहा दो साल का बच्चा अचानक लापता हो गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाश शुरू की।

आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज में बच्चा एक अज्ञात व्यक्ति के साथ बाइक पर जाता दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के रास्ते और उसकी गतिविधियों का पता लगाने के लिए जांच तेज कर दी।

अजमेर और शाहपुरा में बाइक चोरी का आरोप

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी ने कथित तौर पर अजमेर के क्लॉक टावर थाना क्षेत्र से बाइक चोरी की थी। पुलिस के अनुसार, वहां उसने बच्चे के अपहरण की कोशिश भी की, लेकिन सफल नहीं हुआ।

इसके बाद आरोपी शाहपुरा पहुंचा। वहां बाइक का पेट्रोल खत्म होने पर उसने उसे छोड़ दिया और दूसरी बाइक चोरी कर ली। इसी बाइक से वह नीमराना पहुंचा और बच्चे को अपने साथ ले गया।

350 CCTV कैमरों की फुटेज से मिला सुराग

बच्चे की तलाश के लिए पुलिस ने अलग-अलग रास्तों पर लगे करीब 350 CCTV कैमरों की फुटेज की जांच की। फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस टीम उत्तर प्रदेश के मथुरा पहुंची।

वहां कोसीकलां थाना क्षेत्र में एक मंदिर के पास आरोपी को पकड़ लिया गया। पुलिस ने बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

नर बलि की आशंका पर पुलिस कर रही जांच

पुलिस के अनुसार, आरोपी के पास मौजूद थैले की तलाशी के दौरान त्रिशूल और शृंगार का सामान मिला। इन वस्तुओं के आधार पर अपहरण के पीछे नर बलि की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, इस आशंका की अभी पुष्टि नहीं हुई है।

Exit mobile version