राजस्थान, 1 अगस्त। Rajasthan Murder Case: राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के बनेड़ा थाना क्षेत्र के आमली कला गांव में पारिवारिक विवाद के चलते एक युवती की गोली मारकर हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक ने अपनी 18 वर्षीय साली की दुनाली बंदूक से गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी शव को ठिकाने लगाने और सबूत मिटाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस ने दो घंटे के भीतर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान बीलिया निवासी रेखा (18) के रूप में हुई है। वह पिछले करीब डेढ़ साल से अपनी बड़ी बहन सीता और जीजा किशन कालबेलिया के साथ आमली कला गांव में रह रही थी। किसी पारिवारिक विवाद के दौरान आरोपी किशन ने घर में रखी दुनाली बंदूक से रेखा पर गोली चला दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात के बाद आरोपी ने साक्ष्य मिटाने और शव को ठिकाने लगाने की कोशिश की। सूचना मिलते ही बनेड़ा थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कई टीमों का गठन किया और संभावित ठिकानों पर दबिश देकर महज दो घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई दुनाली बंदूक भी बरामद कर ली है। मृतका के पिता पप्पू कालबेलिया की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह पारिवारिक विवाद बताई जा रही है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

