रावतभाटा, 22 अगस्त। Rajasthan News: राजस्थान के रावतभाटा स्थित राजस्थान परमाणु बिजलीघर की सुरक्षा में तैनात CISF जवान की शनिवार तड़के गोली लगने से मौत हो गई। घटना सुबह करीब 4:20 बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, पश्चिम बंगाल निवासी 25 वर्षीय प्रमिर सरकार शुक्रवार रात राजस्थान परमाणु बिजलीघर की तीसरी-चौथी इकाई की रिएक्टर बिल्डिंग के बाहर ड्यूटी पर तैनात थे। सुबह करीब 4 बजे अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर साथी जवान मौके पर पहुंचे, जहां प्रमिर घायल अवस्था में मिले।
उन्हें तत्काल राजस्थान परमाणु बिजलीघर के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही रावतभाटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
बताया गया कि प्रमिर सरकार 2025 बैच के CISF जवान थे और करीब छह महीने पहले ही RAPP में ड्यूटी पर तैनात हुए थे।
पुलिस और CISF अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती जांच में आत्महत्या या दुर्घटनावश गोली चलने, दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है। पोस्टमार्टम और जांच के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

