जयपुर, 18 अगस्त। Rajasthan News: राजस्थान के मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मंगलवार सुबह पुलिस कंट्रोल रूम में धमकी भरा फोन कॉल आया, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी।
जानकारी के मुताबिक, धमकी भरा कॉल सुबह करीब 11 बजे पुलिस कंट्रोल रूम में आया था। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी भारी फोर्स के साथ मुख्यमंत्री कार्यालय पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
संदिग्ध शख्स हिरासत में
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए धमकी भरा फोन करने वाले एक संदिग्ध शख्स को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि उसने मुख्यमंत्री कार्यालय को धमकी देने के लिए फोन क्यों किया और उसके पीछे उसकी क्या मंशा थी।
जयपुर डीसीपी साउथ राजश्री राज वर्मा ने बताया कि पुलिस कंट्रोल रूम में धमकी भरा कॉल आने के बाद तुरंत कार्रवाई की गई और फोन करने वाले व्यक्ति को पकड़ लिया गया है।
पहली बार फोन के जरिए मिली धमकी
डीसीपी के मुताबिक, इससे पहले मुख्यमंत्री कार्यालय को धमकी भरे संदेश आमतौर पर ईमेल के जरिए मिलते रहे हैं। हालांकि, फोन के जरिए CMO को बम से उड़ाने की धमकी पहली बार मिली है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। सुरक्षा एजेंसियां भी अलर्ट पर हैं और धमकी देने वाले व्यक्ति से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

