रायपुर, 03 नवम्बर। Rajyotsav 2026: छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के समापन कार्यक्रम से पहले खाद्य विभाग का एक आदेश चर्चा में आ गया है। रायपुर जिला खाद्य विभाग ने अपने अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ उचित मूल्य राशन दुकानों के अध्यक्षों, संचालकों और विक्रेताओं को भी कार्यक्रम में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।
दरअसल, 3 नवंबर को राज्योत्सव का समापन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी शामिल होंगे। इसी बीच खाद्य नियंत्रक, रायपुर की ओर से 2 नवंबर को जारी आदेश सामने आया है, जिसमें विभागीय अमले के साथ राशन दुकानों से जुड़े लोगों की उपस्थिति भी सुनिश्चित करने को कहा गया है।
शाम 4 से 7 बजे तक कार्यक्रम में रहना होगा मौजूद
आदेश के अनुसार, खाद्य विभाग के सभी अधिकारी और कर्मचारी 3 नवंबर को शाम 4 बजे से 7 बजे तक राज्योत्सव के शासकीय कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे। उन्हें आपसी समन्वय से सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन करने और कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में सहयोग करने के निर्देश दिए गए हैं।
राशन दुकान संचालकों और विक्रेताओं को भी निर्देश
आदेश में शासकीय उचित मूल्य दुकानों के अध्यक्षों, संचालकों और विक्रेताओं को भी शामिल किया गया है। उन्हें अपने क्षेत्रीय खाद्य निरीक्षक के समक्ष निर्धारित समय पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।

