मुंबई, 27 सितंबर। Ramayana Movie New Posters: ‘रामायण’ फिल्म की रिलीज का इंतजार कर रहे फैंस की उत्सुकता बढ़ती जा रही है। फिल्म के मेकर्स ने भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण के साथ रावण के किरदार का पोस्टर भी जारी किया है। पोस्टर्स सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर फैंस की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।
राम-सीता-लक्ष्मण का लुक आया सामने
फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में नजर आएंगे। नए पोस्टर में तीनों वनवास के दौरान के लुक में दिखाई दे रहे हैं। पोस्टर में तीनों के बीच भावनात्मक जुड़ाव और सौम्यता नजर आती है।
पोस्टर शेयर करते हुए ‘द वर्ल्ड ऑफ रामायण’ ने लिखा, ‘धर्म में हमेशा साथ।’ इसके बाद फैंस ने पोस्टर पर अपनी प्रतिक्रियाएं दीं और इसे खूबसूरत बताया।
यश के रावण लुक ने बटोरी चर्चा
फिल्म में रावण का किरदार निभा रहे यश का पोस्टर भी जारी किया गया है। पोस्टर के साथ लिखा गया, ‘तीनों लोक का शासक- रावण।’ इसमें यश प्रभावशाली और रौबदार अंदाज में नजर आ रहे हैं। उनके लुक को लेकर सोशल मीडिया पर कई फैंस ने अपनी प्रतिक्रिया दी।
हालांकि, कुछ यूजर्स ने पोस्टर्स को लेकर निराशा भी जताई। उनका कहना है कि नए पोस्टर्स में कुछ खास नया देखने को नहीं मिला।
दो पार्ट में रिलीज होगी फिल्म
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही ‘रामायण’ को दो भागों में रिलीज किया जाएगा। फिल्म का पहला पार्ट 2026 की दिवाली और दूसरा पार्ट 2027 की दिवाली पर रिलीज किए जाने की तैयारी है।
फिल्म का निर्माण नमित मल्होत्रा कर रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म का बजट करीब 4,000 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। इसे बड़े स्तर पर तैयार की जा रही भारतीय फिल्मों में शामिल किया जा रहा है।

