Site icon AB News24.in

Raoghat Rail Line: छत्तीसगढ़ के रेल इतिहास में नया अध्याय… आजादी के बाद पहली बार रावघाट पहुंचेगी रेल

रायपुर, 20 अक्टूबर। Raoghat Rail Line: छत्तीसगढ़ के रेल इतिहास में 20 अक्टूबर का दिन ऐतिहासिक होने जा रहा है। आजादी के बाद पहली बार रावघाट तक रेल पहुंचेगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में ताड़ोकी-रावघाट रेल लाइन और अभनपुर-कुरूद ब्रॉडगेज रेल लाइन का उद्घाटन किया जाएगा। इस दौरान रावघाट-रायपुर और रायपुर-कुरूद के बीच नई यात्री रेल सेवाओं की शुरुआत होगी। वहीं, रायपुर में इलेक्ट्रिक रेल इंजन मेंटेनेंस फैसिलिटी का शिलान्यास भी किया जाएगा। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम में शामिल होंगे।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि रावघाट तक रेल पहुंचना केवल रेल नेटवर्क का विस्तार नहीं है, बल्कि बस्तर और दक्षिण छत्तीसगढ़ के दूरस्थ क्षेत्रों को विकास की नई संभावनाओं से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण कदम है। इससे शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, व्यापार और आवागमन की सुविधाओं का विस्तार होगा।

1,628 करोड़ रुपये की लागत से बनी 95 किमी रेल लाइन

दल्लीराजहरा से रावघाट के बीच लगभग 1,628 करोड़ रुपये की लागत से 95 किलोमीटर लंबी रेल लाइन का निर्माण किया गया है। ताड़ोकी से रावघाट के बीच 17.5 किलोमीटर रेल लाइन का काम पूरा होने के साथ यह महत्वपूर्ण परियोजना पूर्ण हो गई है।

रेल संपर्क शुरू होने से बस्तर क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, रोजगार और व्यापार के अवसरों तक पहुंच आसान होगी। इससे क्षेत्र में औद्योगिक और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। रावघाट क्षेत्र के लौह अयस्क के परिवहन और भिलाई इस्पात संयंत्र सहित देश के इस्पात उद्योग की जरूरतों के लिहाज से भी यह रेल लाइन महत्वपूर्ण है।

अभनपुर-कुरूद ब्रॉडगेज लाइन से रायपुर पहुंचना होगा आसान

अभनपुर-धमतरी गेज परिवर्तन परियोजना के तहत अभनपुर से कुरूद के बीच 22 किलोमीटर रेल लाइन का गेज परिवर्तन पूरा हो चुका है। इस लाइन के उद्घाटन से क्षेत्र में रेल संपर्क का विस्तार होगा और यात्रियों को राजधानी रायपुर तक आने-जाने में सुविधा मिलेगी। वहीं, कुरूद-धमतरी सेक्शन में काम अभी जारी है।

रावघाट-रायपुर और रायपुर-कुरूद के बीच नई यात्री रेल सेवाएं शुरू होने से विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, किसानों, व्यापारियों और आम यात्रियों को सीधा रेल संपर्क मिलेगा। इससे चिकित्सा, शिक्षा, कृषि, व्यापार और पर्यटन से जुड़ी गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

रायपुर में बनेगी आधुनिक इलेक्ट्रिक रेल इंजन मेंटेनेंस सुविधा

कार्यक्रम के दौरान रायपुर में इलेक्ट्रिक रेल इंजन मेंटेनेंस फैसिलिटी का शिलान्यास भी किया जाएगा। इस सुविधा के विकसित होने के बाद भविष्य में 300 हाई हॉर्सपावर इलेक्ट्रिक रेल इंजनों के रखरखाव की क्षमता विकसित होगी। इससे रेल परिचालन को सुचारु बनाने और बढ़ती माल परिवहन जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि नई रेल लाइनें, यात्री सेवाएं और आधुनिक रेल अधोसंरचना छत्तीसगढ़ के विकास को नई गति देंगी। रावघाट तक रेल पहुंचने से बस्तर के दूरस्थ क्षेत्रों में आवागमन के साथ विकास, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों की नई संभावनाएं खुलेंगी।

Exit mobile version