Site icon AB News24.in

Road Accident News: नेपाल से पुणे जा रही बस ट्रक से टकराई… महिला की मौत

भिंड, 07 अगस्त। Road Accident News: मध्य प्रदेश के भिंड जिले के गोहद क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में नेपाल से महाराष्ट्र के पुणे जा रही एक स्लीपर बस एलपीजी सिलेंडरों से लदे ट्रक से टकरा गई। हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 15 यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को रेस्क्यू कर गोहद सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, बस नेपाल के पलिया क्षेत्र से पुणे के लिए रवाना हुई थी। शुक्रवार सुबह नेशनल हाईवे-719 पर गोहद थाना क्षेत्र के बंजारे का पुरा के पास सामने से आ रहे एलपीजी सिलेंडरों से लदे ट्रक ने ओवरटेक करने के दौरान बस को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कई यात्री बस में ही फंस गए, जिन्हें स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने पुलिस की मदद से बाहर निकाला। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दुर्घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

हादसे में बस चालक भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Exit mobile version