Road accident news: खड़े ट्रैक्टर से टकराई स्कूटी… दो बहनों और दो मासूम बच्चों की मौत

Road accident news: खड़े ट्रैक्टर से टकराई स्कूटी… दो बहनों और दो मासूम बच्चों की मौत

कुम्हारी, 17 जुलाई| Road accident news: दुर्ग जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे में दो सगी बहनों और उनके दो मासूम बच्चों की मौत हो गई, वही एक 8 वर्षीय बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल बच्चे का इलाज रायपुर स्थित एम्स में जारी है। हादसे के समय सभी पांच लोग एक ही स्कूटी पर सवार थे।

पुलिस के अनुसार, भिलाई-3 निवासी अमृत निर्मलकर (28) अपनी सगी बहन लक्ष्मी निर्मलकर (26) और बच्चों के साथ स्कूटी से रायपुर के बसंत विहार स्थित अपने मामा के घर जा रही थीं। इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर ऑक्सीजन सिलेंडरों से लदे खड़े ट्रैक्टर के पीछे उनकी स्कूटी जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि अमृत निर्मलकर, लक्ष्मी निर्मलकर, 7 वर्षीय याचना और 4 वर्षीय डाली की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 8 वर्षीय भावेश गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बच्चे को तत्काल अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने हादसे में शामिल ट्रैक्टर को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए सुपेला मर्चुरी भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है।

मृतका अमृत निर्मलकर के पति लोकेश ने बताया कि हादसे के समय वह ड्यूटी पर थे। उनकी पत्नी ने फोन पर बताया था कि वह बच्चों के साथ रायपुर में अपने मामा के घर जा रही हैं। कुछ ही देर बाद सड़क हादसे की सूचना मिली। उन्होंने बताया कि परिवार ने करीब एक माह पहले ही नई स्कूटी खरीदी थी।

 

Breaking News