Road Accident News: छत्तीसगढ़ में दर्दनाक हादसा… कार-ट्रक की टक्कर में 2 महिलाओं की मौत

Road Accident News: छत्तीसगढ़ में दर्दनाक हादसा… कार-ट्रक की टक्कर में 2 महिलाओं की मौत

महासमुंद, 23 अक्टूबर। Road Accident News: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में नेशनल हाईवे-53 पर शुक्रवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पटेवा थाना क्षेत्र के बावनकेरा चौक के पास तेज रफ्तार कार आगे चल रहे 16 चक्का ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

संबलपुर में शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे

मिली जानकारी के अनुसार, कार में पांच लोग सवार थे। सभी ओडिशा के संबलपुर में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। शुक्रवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर बावनकेरा चौक के पास उनकी कार ट्रक से टकरा गई। टक्कर के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार सवार सभी लोग राजनांदगांव जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। हालांकि, मृतकों की पहचान फिलहाल नहीं हो पाई है।

दो महिलाओं की मौत, तीन घायल

पुलिस ने सभी पांच लोगों को उपचार के लिए तुमगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने दो महिलाओं को मृत घोषित कर दिया। वहीं, तीन घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।

Breaking News