विशाखापत्तनम, 15 अगस्त| RSS Meeting: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की तीन दिवसीय अखिल भारतीय समन्वय बैठक 19 से 21 अगस्त तक आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में आयोजित होगी। बैठक में संघ से जुड़े 32 समविचारी संगठनों के शीर्ष पदाधिकारी शामिल होंगे। संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत बैठक की अध्यक्षता करेंगे, जबकि सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले समेत संघ के प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।
मुख्य बैठक से पहले 16 अगस्त से संघ के शीर्ष पदाधिकारियों की कोर ग्रुप बैठक होगी। इसमें तीन दिवसीय समन्वय बैठक के एजेंडे को अंतिम रूप दिया जाएगा।
बैठक में Gen Z और युवाओं से जुड़ाव अहम मुद्दा रहने की संभावना है। डिजिटल प्लेटफॉर्म और सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने की रणनीति पर चर्चा हो सकती है। इसमें अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) को महत्वपूर्ण भूमिका दिए जाने की संभावना है।
इसके अलावा संगठन विस्तार और नियुक्तियों, विभिन्न राज्यों में संगठनात्मक जिम्मेदारियों के पुनर्वितरण और संघ से जुड़े संगठनों के बीच बेहतर तालमेल पर भी मंथन होगा।
संघ के ‘पंच परिवर्तन’, सामाजिक समरसता, नशा मुक्ति, जनसंख्या असंतुलन और युवा जागरण जैसे मुद्दे भी बैठक के प्रमुख एजेंडे में शामिल हो सकते हैं। विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों के अनुभव, चुनौतियां और आगामी कार्ययोजना साझा करेंगे।
बैठक का उद्देश्य संघ से जुड़े विभिन्न संगठनों के बीच समन्वय बढ़ाना और आने वाले समय के लिए साझा कार्ययोजना तैयार करना है। बैठक में जमीनी स्तर पर किए जा रहे कार्यों की समीक्षा के साथ भविष्य की रणनीति पर भी चर्चा होने की संभावना है।

