सक्ती, 12 सितम्बर। Sakti: पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने और लोगों को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी का संदेश देने के लिए केंद्रीय ग्रामीण विकास, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सक्ती जिले के ग्राम जेठा स्थित कॉलेज ग्राउंड में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया।
इस दौरान शिवराज सिंह चौहान ने कदम का पौधा, जबकि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बादाम का पौधा लगाया। कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भी पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण और जिले में हरियाली बढ़ाने का संकल्प लिया।
मां के सम्मान से जुड़ा है अभियान
‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के जरिए मां के सम्मान को प्रकृति संरक्षण से जोड़ा जा रहा है। अभियान के तहत लोगों को अपनी मां के नाम पर पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य सिर्फ पौधरोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों को सुरक्षित रखते हुए उन्हें पेड़ के रूप में विकसित करना भी है।
अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण को सरकारी प्रयासों तक सीमित रखने के बजाय जनभागीदारी से व्यापक अभियान बनाने पर जोर दिया जा रहा है। अधिक से अधिक लोगों को पौधरोपण से जोड़कर हरियाली बढ़ाने, पर्यावरण संतुलन बनाए रखने और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण तैयार करने का संदेश दिया जा रहा है।
सक्ती में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा किया गया पौधरोपण भी इसी अभियान की कड़ी रहा। इस दौरान लोगों से प्रकृति संरक्षण के लिए सामूहिक जिम्मेदारी निभाने की अपील की गई।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, जांजगीर-चांपा सांसद कमलेश जांगड़े सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

