कोलकाता, 10 सितम्बर। Salboni Land Scam: पश्चिम बंगाल के सालबोनी भूमि घोटाला मामले में CID ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के निजी सहायक सुमित रॉय को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट द्वारा रॉय की अग्रिम जमानत याचिका खारिज किए जाने के बाद की गई।
जांच एजेंसी का आरोप है कि पश्चिम मेदिनीपुर के सालबोनी इलाके में सरकारी जमीन को कथित तौर पर निजी जमीन के रूप में दिखाकर फर्जी दस्तावेजों के जरिए उसका लेनदेन किया गया। इसी मामले में सुमित रॉय से जुड़े कथित वित्तीय लेनदेन की भी जांच की जा रही है।
कलिघाट स्थित आवास से हिरासत में लिया
सुप्रीम कोर्ट से गिरफ्तारी पर राहत खत्म होने के बाद CID की टीम अभिषेक बनर्जी के कलिघाट स्थित आवास पहुंची। यहां से सुमित रॉय को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए CID मुख्यालय भवानी भवन ले जाया गया।
इससे पहले 6 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट ने रॉय की गिरफ्तारी पर अंतरिम रोक लगाई थी और उन्हें जांच में सहयोग करने का निर्देश दिया था। अब अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद CID ने गिरफ्तारी की कार्रवाई की है।
सरकारी जमीन के फर्जीवाड़े का आरोप
जांच एजेंसियों के अनुसार, सालबोनी में सरकारी जमीन को कथित तौर पर निजी संपत्ति के तौर पर दिखाया गया। आरोप है कि फर्जी दस्तावेजों और कथित काल्पनिक विक्रेताओं के जरिए जमीन का लेनदेन किया गया और बाद में इसे बेचकर आर्थिक लाभ कमाया गया।
जांच के दौरान सुमित रॉय के बैंक खातों में करोड़ों रुपये जमा होने की बात भी सामने आई है। पश्चिम बंगाल सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में दावा किया था कि एक लेनदेन में करीब 71 लाख रुपये जमा किए गए, जबकि अलग-अलग खातों में कुल जमा राशि करीब 15 करोड़ रुपये बताई गई है।
अब CID इन पैसों के स्रोत और जमीन के लेनदेन से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।

