समस्तीपुर, 24 सितम्बर। Samastipur Viral Video: बिहार के जमुई की घटना के बाद अब समस्तीपुर से नाबालिग लड़की के साथ कथित बदसलूकी का वीडियो सामने आया है। मामला कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर बांध इलाके का बताया जा रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, नाबालिग लड़की एक युवक के साथ मौके पर पहुंची थी। आरोप है कि वहां कुछ युवकों ने दोनों को घेर लिया। युवक के साथ मारपीट किए जाने के बाद वह वहां से चला गया। इसके बाद लड़की के साथ कथित तौर पर बदसलूकी की गई।
वायरल वीडियो में लड़की विरोध करती हुई नजर आ रही है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
समस्तीपुर के एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने मामले की पुष्टि की है। पुलिस अब वायरल वीडियो, पीड़िता के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। आरोपियों के खिलाफ कानून के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।

