नई दिल्ली/दुर्ग, 07 सितम्बर। Satya Niketan Building Collapse: दिल्ली के सत्य निकेतन में रविवार को हुए बिल्डिंग हादसे में छत्तीसगढ़ के दुर्ग निवासी 20 वर्षीय युवराज सोनी की मौत हो गई। हादसे के वक्त युवराज अपने बचपन के दोस्त आर्यन से फोन पर बात कर रहे थे। अचानक फोन पर तेज गड़गड़ाहट की आवाज सुनाई दी और इसके बाद दूसरी तरफ से कोई जवाब नहीं आया।
युवराज दिल्ली विश्वविद्यालय के मोतीलाल नेहरू कॉलेज में बीकॉम द्वितीय वर्ष के छात्र थे। वे सत्य निकेतन स्थित एक बॉयज पीजी में रहकर पढ़ाई कर रहे थे। बताया जा रहा है कि छुट्टियों के बाद वह महज तीन दिन पहले ही दुर्ग से दिल्ली लौटे थे।
‘हेलो… तू ठीक है?’ के बाद फोन पर छा गई खामोशी
हादसे के समय युवराज अपने बचपन के दोस्त आर्यन से फोन पर बात कर रहे थे। दोनों घूमने जाने की योजना बना रहे थे। इसी दौरान आर्यन ने फोन पर अचानक तेज आवाज सुनी। उसने युवराज को कई बार आवाज लगाई और उनकी कुशलता पूछी, लेकिन दूसरी तरफ से कोई जवाब नहीं मिला। करीब एक मिनट बाद कॉल भी कट गया।
कुछ देर बाद आर्यन को सत्य निकेतन में इमारत गिरने की जानकारी मिली। इसके बाद वह तुरंत घटनास्थल पर पहुंचा और राहत-बचाव अभियान के बीच अपने दोस्त की तलाश करने लगा।
एम्स ट्रॉमा सेंटर से मिली दुखद खबर
घंटों की तलाश के बाद आर्यन को एम्स ट्रॉमा सेंटर से युवराज की मौत की जानकारी मिली। हादसे की खबर के बाद युवराज के परिजन भी लगातार उससे संपर्क करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन फोन पर बात नहीं हो सकी।
युवराज और आर्यन बचपन के दोस्त थे और दोनों एक ही गांव से जुड़े हुए थे। हादसे में युवराज की मौत की खबर मिलते ही दुर्ग स्थित उनके परिवार में मातम छा गया। परिवार के लिए यह हादसा बेहद दुखद बताया जा रहा है।

