रायपुर, 21 अगस्त। Saurabh Chandrakar: महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप के कथित किंगपिन सौरभ चंद्राकर ने भारत लाए जाने से पहले अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। बताया जा रहा है कि ओमान पुलिस के सामने उसने भारत की जेल में अपनी जान को खतरा होने की आशंका व्यक्त की है।
चंद्राकर ने कथित तौर पर अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की है। उसका दावा है कि यदि उसे पर्याप्त सुरक्षा दी जाती है, तो वह भारतीय जांच एजेंसियों को सट्टा नेटवर्क से जुड़ी अहम जानकारियां उपलब्ध करा सकता है।
बताया जा रहा है कि चंद्राकर ने कथित राजनीतिक कनेक्शन, पैसों के लेन-देन और विदेशों में मौजूद संपत्तियों से संबंधित जानकारी देने की इच्छा जताई है। साथ ही वह भारत लौटने के बाद जांच एजेंसियों और अदालत के सामने अपना बयान दर्ज कराने की बात भी कह रहा है।
चंद्राकर ने पूछताछ के दौरान खुद को नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों से अलग रखने और इलेक्ट्रॉनिक व दस्तावेजी साक्ष्यों को सुरक्षित रखने की मांग भी की है।
फिलहाल सौरभ चंद्राकर ओमान में हिरासत में है और उसे भारत लाने की प्रत्यर्पण प्रक्रिया जारी है। हालांकि, उसकी सुरक्षा को लेकर किए गए दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। साथ ही, इन दावों के आधार पर उसे किसी भी तरह की कानूनी छूट मिलने की बात सामने नहीं आई है।

