सोहागपुर, 29 अगस्त। School Bus Accident: जिले के सोहागपुर में शनिवार को सीएम राइज संदीपनी स्कूल की बस सड़क किनारे पलट गई। हादसा ग्राम सूकरी और चुरका के बीच एक मोड़ पर हुआ। बस में चार विद्यार्थी, ड्राइवर और महिला कंडक्टर सवार थे। गनीमत रही कि हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई।
मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलटी बस
जानकारी के अनुसार, बस क्रमांक MP 04 PA 2430 आसपास के गांवों से बच्चों को लेने जंगल की ओर गई थी। सूकरी और चुरका गांव के बीच मोड़ पर अचानक बस अनियंत्रित होकर पलट गई और तिरछी होकर रुक गई।
स्थानीय लोगों ने बस की रफ्तार तेज होने की बात कही है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस के मुताबिक, हादसे की जांच के बाद ही दुर्घटना के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
डायल-112 ने बच्चों को बाहर निकाला
हादसे की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने बस में सवार बच्चों और स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद सभी को सोहागपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।
सोहागपुर थाना प्रभारी गिरीश त्रिपाठी के मुताबिक, चार विद्यार्थियों समेत ड्राइवर और कंडक्टर को मामूली चोटें आई हैं। सभी की हालत सुरक्षित बताई गई है।
ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज
पुलिस ने मामले में बस ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। समय रहते बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया।

