Site icon AB News24.in

School News: देर से स्कूल पहुंची छात्रा को दी सजा… पिता ने प्रिंसिपल को पीटा

गोरखपुर, 05 सितम्बर| School News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में कक्षा-6 की छात्रा को स्कूल देर से पहुंचने पर सजा देना प्रिंसिपल को भारी पड़ गया। आरोप है कि छात्रा के पिता ने स्कूल में घुसकर प्रिंसिपल के साथ मारपीट की, उन्हें थप्पड़ मारे और उनकी शर्ट फाड़ दी। घटना के बाद प्रिंसिपल की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

देर से पहुंची थी छात्रा

मामला गोला क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक विद्यालय खिरकिटा दुबे का है। प्रिंसिपल जितेंद्र कुमार के मुताबिक, 1 सितंबर की सुबह कक्षा-6 की एक छात्रा स्कूल देर से पहुंची थी। अनुशासन बनाए रखने के लिए उसे कुछ देर के लिए ‘मुर्गा’ बनाया गया। छुट्टी के बाद छात्रा ने घर जाकर अपने पिता दिलीप कुमार को पूरी घटना बताई।

बेटी को सजा देने पर भड़का पिता

आरोप है कि स्कूल से निकलने से पहले ही दिलीप कुमार वहां पहुंच गया और प्रिंसिपल से बेटी को सजा देने का कारण पूछा। बातचीत के दौरान दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर प्रिंसिपल से मारपीट शुरू कर दी।

शिक्षकों ने बचाया

प्रिंसिपल का आरोप है कि आरोपी ने स्टाफ के सामने उनके साथ मारपीट की और स्कूल में तोड़फोड़ करते हुए सरकारी सामान को भी नुकसान पहुंचाया। हंगामा बढ़ने पर अन्य शिक्षकों ने किसी तरह प्रिंसिपल को बचाया और मामला शांत कराया।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। 3 सितंबर को प्रिंसिपल की तहरीर पर दिलीप कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। गोला थाना प्रभारी निरीक्षक चंद्रप्रकाश पांडेय ने बताया कि आरोपी फरार है और उसकी तलाश की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version