शहडोल, 21 अगस्त। School News: जर्जर स्कूल भवन और बारिश के दौरान क्लासरूम में पानी भरने की समस्या से परेशान कक्षा 11वीं के छात्र-छात्राएं स्कूल से पैदल कलेक्ट्रेट पहुंच गए। विद्यार्थियों ने कलेक्टर से मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखने की मांग की।
छात्रों का कहना है कि स्कूल की छत काफी जर्जर हो चुकी है। बारिश के दौरान छत से पानी टपकता है और कई बार क्लासरूम में भी पानी भर जाता है। इससे पढ़ाई प्रभावित होने के साथ ही विद्यार्थियों के बीच किसी अनहोनी को लेकर डर बना रहता है।
नई बिल्डिंग तैयार, फिर भी पुराने भवन में पढ़ाई
छात्रों की सबसे बड़ी नाराजगी स्कूल की नई बिल्डिंग को लेकर है। विद्यार्थियों के मुताबिक नई बिल्डिंग बनकर तैयार हो चुकी है, लेकिन अब तक उसका हैंडओवर नहीं किया गया है। इसके कारण उन्हें मजबूरी में पुराने और जर्जर भवन में ही पढ़ाई करनी पड़ रही है।
छात्रों ने प्रशासन से जल्द नई बिल्डिंग का हैंडओवर कराकर कक्षाएं वहां शुरू कराने और जर्जर भवन की समस्या का समाधान करने की मांग की है।
पहले भी कलेक्ट्रेट पहुंचे थे छात्र
शहडोल में छात्रों के अपनी समस्याओं को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले माता शबरी कन्या शिक्षा परिसर की छात्राएं भी हॉस्टल से निकलकर करीब 8 किलोमीटर पैदल कलेक्ट्रेट पहुंची थीं। छात्राओं ने कलेक्टर के सामने अपनी समस्याएं रखने की मांग की थी।
प्रभारी प्राचार्य ने दी सफाई
वहीं, उत्कर्ष विद्यालय और रघुराज विद्यालय क्रमांक-2 के प्रभारी प्राचार्य मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि स्कूल में सीमित कक्ष होने के कारण क्लासरूम में पानी भर गया था। पानी की सफाई कर व्यवस्था दुरुस्त करने का काम किया जा रहा था। इसी दौरान छात्र बिना बताए स्कूल से बाहर निकल गए और कलेक्ट्रेट की ओर चले गए।
छात्रों के कलेक्ट्रेट पहुंचने के बाद अब स्कूल भवन और नई बिल्डिंग के हैंडओवर को लेकर प्रशासन की कार्रवाई पर नजर है।

