Site icon AB News24.in

Shivrinarayan Mahotsav: शिवरीनारायण को बड़ी सौगात… महानदी पर 63 करोड़ से अधिक की लागत से बनेगा नया पुल

शिवरीनारायण, 15 अक्टूबर। Shivrinarayan Mahotsav: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शिवरीनारायण महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने महानदी पर 63 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से नए पुल के निर्माण, नगर में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) की स्थापना और राम वनगमन पर्यटन परिपथ के अंतर्गत शिवरीनारायण के विकास की घोषणा की। इसके साथ ही शिवरीनारायण को नगरपालिका बनाने की दिशा में आवश्यक सर्वे कराने की बात कही।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिवरीनारायण धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से विशेष महत्व रखता है। यहां बुनियादी सुविधाओं और अधोसंरचना का विस्तार कर क्षेत्र के विकास को गति दी जाएगी। महानदी पर नया पुल बनने से आवागमन आसान होगा और आसपास के गांवों को बेहतर संपर्क सुविधा मिलेगी। वहीं, एसटीपी प्लांट से गंदे पानी का उचित शोधन होने के साथ महानदी को स्वच्छ रखने में मदद मिलेगी।

माता शबरी की धरती पर आना सौभाग्य

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शिवरीनारायण महोत्सव और शारदीय नवरात्रि की प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम और माता शबरी की भक्ति से जुड़ी इस पावन नगरी में आना उनके लिए सौभाग्य की बात है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने गौमाता की पूजा की और महानदी के तट पर आयोजित चित्रोत्पला गंगा महाआरती में शामिल होकर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।

आवास योजना और किसानों के लिए सरकार के प्रयासों का उल्लेख

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटियों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। उन्होंने बताया कि 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों की स्वीकृति दी गई थी, जिनमें से लगभग साढ़े 11 लाख आवास पूरे हो चुके हैं। आत्मसमर्पित नक्सलियों के लिए 15 हजार और विशेष पिछड़ी जनजातियों के लिए पीएम-जनमन योजना के तहत 32 हजार आवास स्वीकृत किए गए हैं।

किसानों के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि समर्थन मूल्य पर 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी की जा रही है। किसानों की सुविधा के लिए प्रदेश में 250 से अधिक नए धान खरीदी केंद्र भी खोले गए हैं। वहीं, तेंदूपत्ता संग्रहण की दर बढ़ाकर 5500 रुपये प्रति मानक बोरा किए जाने की जानकारी भी दी।

महतारी वंदन और रामलला दर्शन योजना का किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। इससे महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन को बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने श्रीरामलला दर्शन योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि इसके माध्यम से अब तक लगभग 50 हजार श्रद्धालु अयोध्या में प्रभु श्रीरामलला के दर्शन कर चुके हैं।

उन्होंने कहा कि शिवरीनारायण भगवान श्रीराम की वनगमन यात्रा से जुड़ा महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल है। राम वनगमन पर्यटन परिपथ के अंतर्गत विकास होने से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

बस्तर में विकास और सुशासन पर जोर

मुख्यमंत्री ने बताया कि बस्तर में नियद नेल्लानार योजना और अग्रणी बस्तर अभियान के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों तक सरकारी योजनाएं और बुनियादी सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि बस्तर में 421 बंद पड़े स्कूल फिर से शुरू किए गए हैं।

सुशासन के संबंध में मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और सेवा सेतु पोर्टल का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से 36 विभागों की 700 से अधिक सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है। इसके अलावा लगभग 6 हजार ग्राम पंचायतों में अटल डिजिटल सुविधा केंद्र शुरू किए जा चुके हैं।

जल संरक्षण और सांस्कृतिक विरासत पर भी जोर

कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री तोखन साहू ने शिवरीनारायण की धार्मिक और सांस्कृतिक महत्ता का उल्लेख करते हुए जल संरक्षण में जनभागीदारी की अपील की। सांसद कमलेश जांगड़े ने भी नदियों और जल स्रोतों के संरक्षण, सोख्ता गड्ढों के निर्माण तथा वर्षा जल संचय पर जोर दिया।

कार्यक्रम में वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी कौशल्या देवी साय, सांसद कमलेश जांगड़े, विधायक रामसुंदर दास, नारायण चंदेल, पाठ्यपुस्तक निगम के अध्यक्ष राजा पांडे सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।

Exit mobile version