Site icon AB News24.in

Shoaib Dhebar Case: शोएब ढेबर की फरारी मामले में बड़ा एक्शन… इंस्पेक्टर निलंबित

रायपुर, 18 नवम्बर। Shoaib Dhebar Case: फरार आरोपी शोएब ढेबर की गिरफ्तारी से जुड़ी गोपनीय रणनीति लीक होने के मामले में पुलिस विभाग ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। बस्तर आईजी बद्री नारायण मीणा ने निरीक्षक विनीत दुबे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। 16 नवंबर को जारी निलंबन आदेश में तेलीबांधा थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 403/2026 से जुड़े संदिग्ध आचरण को कार्रवाई का आधार बताया गया है।

जानकारी के मुताबिक, रायपुर पुलिस कमिश्नर ने 30 अक्टूबर को इस संबंध में प्रतिवेदन भेजा था। प्रारंभिक जांच में निरीक्षक विनीत दुबे का आचरण विभागीय मर्यादा के विपरीत पाए जाने पर निलंबन की कार्रवाई की गई। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय रक्षित केंद्र, नारायणपुर निर्धारित किया गया है।

गिरफ्तारी से पहले कैसे फरार हुआ शोएब ढेबर?

पूरा मामला कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा से कथित तौर पर 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने से जुड़ा है। पुलिस ने आरोपी शोएब ढेबर को गिरफ्तार करने के लिए करीब आधा दर्जन ठिकानों पर एक साथ दबिश देने की रणनीति तैयार की थी।

लेकिन 3 अक्टूबर को पुलिस के खम्हारडीह पहुंचने से पहले ही आरोपी फरार हो गया। इसके बाद पुलिस की गोपनीय रणनीति लीक होने का संदेह गहराने लगा। इसी मामले में अब विभागीय स्तर पर कार्रवाई का सिलसिला जारी है।

पहले दो आरक्षक भी हो चुके हैं निलंबित

गोपनीय सूचना लीक होने के मामले में इससे पहले एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट के आरक्षक शिवम द्विवेदी और राहुल सिंह गौतम को भी निलंबित किया जा चुका है। दोनों के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए गए थे।

अब निरीक्षक विनीत दुबे पर हुई कार्रवाई से पुलिस विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। हालांकि, उनकी भूमिका और सूचना लीक होने में कथित संलिप्तता की अंतिम पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।

Exit mobile version