सिंगापुर, 03 अक्टूबर। Singapore: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय राज्य में निवेश की नई संभावनाओं को विस्तार देने के उद्देश्य से सिंगापुर पहुंचे। सिंगापुर पहुंचने पर भारत के उच्चायुक्त डॉ. शिल्पक अंबुले ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
भारत सरकार के विदेश मंत्रालय ने प्रथम SING Forum 2026 में सहभागिता के लिए छत्तीसगढ़ को नामित किया है। सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन द्वारा आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ को अपनी उपलब्धियों, विकास की संभावनाओं और निवेश के अवसरों को वैश्विक निवेशकों के सामने प्रस्तुत करने का मौका मिलेगा।
CEO राउंडटेबल में निवेशकों से करेंगे चर्चा
मुख्यमंत्री साय SING Forum 2026 में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे। फोरम के दौरान आयोजित CEO राउंडटेबल में वे सिंगापुर के प्रमुख निवेशकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से चर्चा करेंगे। इस दौरान छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं और विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों को प्रमुखता से रखा जाएगा।
नई औद्योगिक नीति और संसाधनों पर रहेगा फोकस
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि नई औद्योगिक नीति, प्राकृतिक संसाधनों, मजबूत अधोसंरचना, कुशल मानव संसाधन और उभरते क्षेत्रों की संभावनाओं के जरिए छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख निवेश गंतव्यों में स्थापित किया जाए।
उन्होंने कहा कि वैश्विक निवेश मानचित्र पर छत्तीसगढ़ की मजबूत पहचान बनाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। सिंगापुर में मुख्यमंत्री की सहभागिता के जरिए राज्य की विकास संभावनाओं और निवेश अवसरों को अंतरराष्ट्रीय निवेशकों तक पहुंचाने पर जोर रहेगा।

