Site icon AB News24.in

Sports News: खेल मंत्री अरुण साव का बड़ा ऐलान… छत्तीसगढ़ में जल्द शुरू होगी राज्यस्तरीय हॉकी लीग

रायपुर, 05 अगस्त। Sports News: कॉमनवेल्थ गेम्स में छत्तीसगढ़ की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव के शानदार प्रदर्शन के बाद प्रदेश सरकार ने खेलों को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाने का ऐलान किया है। खेल मंत्री अरुण साव ने कहा कि राज्य में खेल अधोसंरचना को मजबूत किया जाएगा और जल्द ही राज्यस्तरीय हॉकी लीग का आयोजन किया जाएगा, ताकि प्रदेश की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का अवसर मिल सके।

मीडिया से चर्चा के दौरान खेल मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य छत्तीसगढ़ में खेलों का बेहतर माहौल तैयार करना और खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि राज्यस्तरीय हॉकी लीग के आयोजन से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बड़ा मंच मिलेगा।

अरुण साव ने कहा कि राज्य सरकार तीरंदाजी (आर्चरी) के क्षेत्र में भी छत्तीसगढ़ को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने की दिशा में गंभीरता से काम कर रही है। इसके लिए आधुनिक प्रशिक्षण, बेहतर कोचिंग और आवश्यक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के दूरस्थ और ग्रामीण इलाकों में छिपी खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए आधुनिक खेल मैदान, प्रशिक्षण केंद्र और उच्च स्तरीय कोचिंग की व्यवस्था की जाएगी। सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश के अधिक से अधिक खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करें।

खेल मंत्री ने ज्ञानेश्वरी यादव की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने पूरे छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है। उनकी सफलता प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा है और सरकार खिलाड़ियों को हर संभव सहयोग एवं प्रोत्साहन देने के लिए प्रतिबद्ध है।

Exit mobile version