Site icon AB News24.in

Stage Accident: कार्यक्रम के बीच धंसा मंच… डांसर समेत कई लोग नीचे गिरे

राजनांदगांव, 16 नवम्बर। Stage Accident: राजनांदगांव जिले के ठेकवा में आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान बड़ा हादसा हो गया। छत्तीसगढ़ी लोक नृत्य की प्रस्तुति के बीच अचानक मंच का बीच वाला हिस्सा धंस गया। इससे मंच पर नृत्य कर रहीं महिला कलाकारों और अन्य कलाकारों का संतुलन बिगड़ गया और सभी नीचे गिर पड़े। इस घटना का लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

बताया जा रहा है कि ठेकवा में रात के समय भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में महिला कलाकार हरी साड़ी पहनकर छत्तीसगढ़ी लोक नृत्य की प्रस्तुति दे रही थीं। उनके पीछे संगीतकार बैठकर वाद्य यंत्रों के माध्यम से संगीत दे रहे थे। वहीं, दर्शक भी तालियां बजाकर कलाकारों का उत्साह बढ़ा रहे थे।

इसी दौरान अचानक मंच का बीच का हिस्सा धंस गया। देखते ही देखते मंच पर मौजूद नर्तकियां और अन्य कलाकार नीचे गिर गए। अचानक हुए इस हादसे से कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। मंच पर रखे वाद्य यंत्र भी नीचे गिर गए और दर्शक घबरा गए।

मदद के लिए दौड़े दर्शक

घटना के तुरंत बाद वहां मौजूद लोग कलाकारों की मदद के लिए मंच की ओर दौड़े। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि लोग नीचे गिरे कलाकारों को उठाने और उनकी मदद करने में जुट गए।

गंभीर चोट की सूचना नहीं

गनीमत रही कि इस हादसे में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की खबर सामने नहीं आई है। हालांकि, मंच के अचानक धंसने की घटना के बाद कार्यक्रम के आयोजकों की व्यवस्था और मंच की मजबूती को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

Exit mobile version