Site icon AB News24.in

ट्रेनों में यात्रियों की सेहत से खिलवाड़ पर सख्ती… 8 हजार से ज्यादा पानी की बोतलें जब्त

नई दिल्ली, 19 अगस्त। ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को बेचे जा रहे बिना मंजूरी वाले खाद्य एवं पेय पदार्थों के खिलाफ रेलवे ने बड़ा अभियान चलाया है। जांच के दौरान 8,349 से ज्यादा अनधिकृत पानी की बोतलें जब्त की गईं। इसके अलावा आइसक्रीम, फ्लेवर्ड मिल्क, छाछ और अन्य खाद्य पदार्थ भी कार्रवाई के दौरान पकड़े गए।

आईआरसीटीसी की क्विक रिस्पॉन्स टीमों ने रेलवे के वाणिज्यिक विभागों के साथ मिलकर विभिन्न स्टेशनों और ट्रेनों में औचक निरीक्षण किया। अभियान का उद्देश्य यात्रियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराना और अनधिकृत बिक्री पर रोक लगाना है।

लखनऊ से चंडीगढ़ तक जांच

28 जुलाई से 8 अगस्त के बीच लखनऊ क्षेत्र में 117 ट्रेनों की जांच की गई। इस दौरान 5,241 बिना मंजूरी वाली पानी की बोतलें बरामद की गईं।

इसके बाद 10 अगस्त को अंबाला, लुधियाना, अमृतसर, कटरा और जम्मू समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर 51 ट्रेनों की जांच हुई। यहां से 3,108 अनधिकृत पानी की बोतलें जब्त की गईं।

अंबाला में हुई दो औचक जांच के दौरान बिना मंजूरी वाली आइसक्रीम और फ्लेवर्ड मिल्क के 13 कार्टन भी बरामद किए गए। वहीं सहारनपुर रेलवे स्टेशन पर अमानक आइसक्रीम, पेय पदार्थ और पैक्ड पानी पकड़ा गया।

देशभर में कैटरिंग वेंडर्स पर नजर

रेलवे की कार्रवाई केवल उत्तर भारत तक सीमित नहीं रही। पश्चिम रेलवे के साबरमती स्टेशन पर ट्रेनों में अवैध तरीके से लोड किए जा रहे पैक्ड पानी और छाछ को जब्त किया गया। हावड़ा में भी औचक निरीक्षण कर अनधिकृत खाद्य एवं पेय पदार्थों पर कार्रवाई की गई।

गुवाहाटी, कामाख्या, अगरतला, न्यू जलपाईगुड़ी और डिब्रूगढ़ समेत कई स्टेशनों पर ट्रेनों और कैटरिंग यूनिट्स की जांच की गई। इस दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई, अधिक कीमत वसूली, कर्मचारियों के दस्तावेज और कीट नियंत्रण जैसे मानकों की भी जांच की गई।

नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई

रेलवे ने कैटरिंग सेवा प्रदाताओं को अनधिकृत सामान की बिक्री नहीं करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों के मुताबिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वेंडर्स के खिलाफ लाइसेंस की शर्तों के तहत दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

रेलवे का कहना है कि यात्रियों को सुरक्षित और निर्धारित मानकों के अनुरूप खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। इसी के तहत आगे भी ट्रेनों और स्टेशनों पर औचक जांच जारी रहेगी।

Exit mobile version