सुकमा, 14 अक्टूबर। Sukma: छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में CRPF कैंप के भीतर गोली चलने से एक सब इंस्पेक्टर की मौत हो गई। घटना मेट्टागुड़म कैंप की है, जहां CRPF की 131वीं बटालियन में तैनात सब इंस्पेक्टर देवानंद यादव की मौत हो गई। घटना के बाद कैंप में हलचल मच गई। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।
देर रात हुई घटना
मिली जानकारी के मुताबिक, घटना 12 अक्टूबर की देर रात करीब 12 से 12:30 बजे के बीच हुई। गोली चलने की आवाज सुनकर साथी जवान मौके पर पहुंचे, जहां देवानंद यादव घायल अवस्था में मिले। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
उत्तर प्रदेश के देवरिया के निवासी थे देवानंद यादव
देवानंद यादव मूल रूप से उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के करजहा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। उनकी मौत की सूचना परिजनों को दे दी गई है। घटना के बाद उनके परिवार और परिचितों में शोक का माहौल है।
घटना के कारणों की जांच जारी
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही है। शव का पंचनामा और पोस्टमॉर्टम कराने के बाद उसे उनके गृह ग्राम भेजने की तैयारी की जा रही है।
फिलहाल घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। अधिकारियों ने भी किसी संभावित कारण की जानकारी नहीं दी है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़े तथ्यों का पता चल सकेगा।

