Site icon AB News24.in

Surajpur Development News: CM साय ने सूरजपुर को दी 232 करोड़ की सौगात

रायपुर, 29 अक्टूबर। Surajpur Development News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय से वर्चुअल माध्यम से सूरजपुर जिले को 232 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने 24.29 करोड़ रुपये की लागत से पूरे हुए 63 कार्यों का लोकार्पण किया, जबकि 208.20 करोड़ रुपये की लागत के 54 नए विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इसके साथ ही प्रेमनगर नगर पंचायत के लिए 2 करोड़ 70 लाख रुपये के अतिरिक्त विकास कार्यों की घोषणा की।

प्रेमनगर में मंगल भवन, इंडोर स्टेडियम और सड़क का होगा निर्माण

मुख्यमंत्री ने प्रेमनगर क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मंगल भवन के पास डोम निर्माण के लिए 1 करोड़ रुपये, इंडोर स्टेडियम निर्माण के लिए 50 लाख रुपये और वार्ड 10, 11 व 12 से विश्रामगृह तक लगभग 2 किलोमीटर लंबी बीटी सड़क के निर्माण के लिए 1 करोड़ 20 लाख रुपये देने की घोषणा की।

जल संरक्षण अभियान में सूरजपुर प्रदेश में पहले स्थान पर

मुख्यमंत्री ने जल संचय जनभागीदारी अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सूरजपुर जिले के नागरिकों और प्रशासन की सराहना की। उन्होंने बताया कि इस अभियान में सूरजपुर प्रदेश में प्रथम और देश में चौथे स्थान पर रहा है। जिले में जल संरक्षण और संवर्धन से जुड़े 2,212 कार्यों पर लगभग 130.56 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इन कार्यों से भूजल स्तर में सुधार और जल संचय को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

किसानों और महिलाओं के सशक्तिकरण पर जोर

मुख्यमंत्री ने किसानों के हित में धान खरीदी और सिंचाई सुविधाओं के विस्तार को सरकार की प्राथमिकता बताया। जानकारी के अनुसार, प्रदेश में 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू करने और 360 नए उपार्जन केंद्रों की व्यवस्था पर जोर दिया जा रहा है।

वहीं, महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को मिल रही आर्थिक सहायता और ‘लखपति दीदी’ अभियान के जरिए महिला सशक्तिकरण के प्रयासों की भी सराहना की गई। प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत विशेष पिछड़ी जनजातियों और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले परिवारों को पक्के आवास तथा बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात कही गई।

कार्यक्रम में विधायक भूलन सिंह मरावी, विधायक शकुंतला पोर्ते, जिला पंचायत अध्यक्ष चंदमणि पैकरा सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। वहीं, विधायक गोमती साय वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुईं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण भी उपस्थित रहे।

Exit mobile version