Site icon AB News24.in

Surajpur News: सूरजपुर में गांजा तस्करी का बड़ा खुलासा…बोलेरो से मिला 44 लाख का गांजा

सूरजपुर, 20 अगस्त। Surajpur News: अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सूरजपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रेमनगर पुलिस ने बोलेरो वाहन से गांजा तस्करी कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वाहन की तलाशी के दौरान 88 किलो 400 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 44 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई

पुलिस के मुताबिक, प्रेमनगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक बोलेरो वाहन में गांजा भरकर तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में चेकिंग शुरू की।

इसी दौरान पुलिस को एक संदिग्ध बोलेरो वाहन नजर आया। पुलिस को देखते ही वाहन सवार ने भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने पीछा कर ब्रम्हपुर के पास वाहन को रोक लिया।

वाहन से मिला 88 किलो गांजा

बोलेरो की तलाशी लेने पर पुलिस को उसमें से 88 किलो 400 ग्राम अवैध गांजा मिला। पुलिस ने गांजा समेत तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे बोलेरो वाहन को जब्त कर लिया।

पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली कि गांजा रायगढ़ की ओर से लाया जा रहा था और बचरापोड़ी की तरफ ले जाया जा रहा था।

आरोपी न्यायिक रिमांड पर

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मादक पदार्थों की तस्करी से संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि तस्करी के इस मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और गांजा कहां से लाया गया था।

Exit mobile version