दुर्ग, 23 अगस्त। SwineFlu Case: जिले के एक निजी अस्पताल में भर्ती 2 साल 11 माह की बच्ची में H1N1 वायरस की पुष्टि होने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। बच्ची को तेज बुखार और फ्लू जैसे लक्षणों के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बच्ची का इलाज कर रहे सिविल सर्जन डॉ. आशीष कुमार मिंज के मुताबिक, बच्ची को करीब दो दिन पहले अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शुरुआती जांच में स्वाइन फ्लू की आशंका होने पर उसका RT-PCR टेस्ट कराया गया। जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद H1N1 संक्रमण की पुष्टि हुई।
परिवार के सदस्यों के भी लिए गए सैंपल
संक्रमण की जानकारी सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने बच्ची के घर और आसपास के इलाके में सर्वे शुरू कर दिया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संक्रमण के संभावित प्रसार का पता लगाने के लिए बच्ची के परिवार के अन्य सदस्यों के भी सैंपल लिए हैं।
स्वास्थ्य विभाग की स्थिति पर नजर
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, मामले की लगातार निगरानी की जा रही है। संक्रमण के संभावित प्रसार को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। बच्ची की स्थिति और संपर्क में आए लोगों की स्वास्थ्य स्थिति पर भी नजर रखी जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से फ्लू जैसे लक्षण दिखाई देने पर सतर्क रहने और समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की है।

