Site icon AB News24.in

Tamannaah Bhatia: नवरात्र में माता की चौकी में पहुंचीं तमन्ना भाटिया… मृणाल ठाकुर के साथ गाए भजन

मुंबई, 13 अक्टूबर। Tamannaah Bhatia: अभिनेत्री तमन्ना भाटिया नवरात्र के मौके पर माता की चौकी में शामिल हुईं। अपनी एक दोस्त के घर आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में अभिनेत्री मृणाल ठाकुर भी मौजूद रहीं। तमन्ना ने सोशल मीडिया पर कार्यक्रम की तस्वीरें और वीडियो शेयर किए हैं, जिनमें वह मृणाल के साथ भजन गाते और आरती में शामिल होते नजर आ रही हैं।

5 घंटे तक भक्ति में डूबी रहीं तमन्ना

तमन्ना ने इस कार्यक्रम के अनुभव को साझा करते हुए बताया कि लगातार पांच घंटे तक चले भक्ति कार्यक्रम का समय उन्हें एक पल जैसा लगा। उन्होंने लिखा कि भजनों की गूंज, माता रानी की कहानियों और आध्यात्मिक माहौल ने उन्हें गहरी शांति का अनुभव कराया। उन्होंने इस आयोजन में शामिल होने का अवसर मिलने पर आभार भी जताया।

सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में मेहमान भजनों पर झूमते और आरती करते दिखाई दे रहे हैं। एक वीडियो में तमन्ना और मृणाल ठाकुर साथ बैठकर देवी मां के भजन गाती नजर आ रही हैं।

‘द वन’ और छठी मैया गाने से जुड़ा आध्यात्मिक अनुभव

तमन्ना भाटिया हाल के दिनों में अपनी आध्यात्मिक यात्रा को लेकर भी चर्चा में रही हैं। फिल्म ‘द वन’ और छठी मैया गाने से जुड़े अनुभवों पर बात करते हुए उन्होंने बताया था कि धार्मिक परंपराओं को करीब से समझने का मौका उनके लिए भावुक करने वाला रहा।

तमन्ना ने छठी मैया गाने की शूटिंग का अनुभव साझा करते हुए कहा था कि सूर्य देव को अर्घ्य देने की परंपरा के दौरान उन्हें जीवन के उतार-चढ़ाव को समझने का एक नया नजरिया मिला। उनके मुताबिक, छठ महापर्व यह संदेश देता है कि डूबते सूरज के बाद उसका उदय भी निश्चित है। इस अनुभव ने उनके भीतर कृतज्ञता का भाव और गहरा किया।

चार साल पहले शुरू हुई आध्यात्मिक यात्रा

तमन्ना ने एक बातचीत में बताया था कि करीब चार साल पहले अपने गुरु से मिलने के बाद उनकी आध्यात्मिक यात्रा ने नया मोड़ लिया। उन्होंने कहा कि भक्ति एक ऐसा भाव है, जिसे केवल अभिनय के जरिए नहीं दर्शाया जा सकता, बल्कि इसे भीतर से महसूस करना जरूरी है।

Exit mobile version