रायपुर, 12 अक्टूबर। Teacher Online Attendance: छत्तीसगढ़ में शिक्षकों की ऑनलाइन उपस्थिति को लेकर शिक्षा विभाग ने सख्ती दिखाई है। सितंबर महीने में प्रदेश के 7 हजार से अधिक शिक्षकों की ऑनलाइन हाजिरी दर्ज नहीं होने का मामला सामने आया है। इस पर स्कूल शिक्षा विभाग ने सभी जिलों के जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO) से जवाब मांगा है।
विभाग अब यह जांच कर रहा है कि संबंधित शिक्षकों की वास्तविक पदस्थापना कहां है और वे निर्धारित स्थान पर ड्यूटी कर रहे हैं या नहीं। ऑनलाइन हाजिरी दर्ज नहीं होने के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है।
नारायणपुर में केवल 70 प्रतिशत शिक्षक लगा रहे हाजिरी
जानकारी के अनुसार, नारायणपुर जिले में करीब 70 प्रतिशत शिक्षक ही प्रतिदिन ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करा पा रहे हैं। इस स्थिति को देखते हुए विभाग शिक्षकों की उपस्थिति और पदस्थापना से जुड़ी जानकारी की जांच कर रहा है।
जांच के बाद वेतन रोकने की हो सकती है कार्रवाई
शिक्षा विभाग की ओर से संबंधित जिलों से रिपोर्ट मांगी गई है। जांच में यदि किसी शिक्षक की ऑनलाइन हाजिरी दर्ज नहीं कराने का उचित कारण नहीं मिलता है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है। इसमें वेतन रोकने की कार्रवाई भी शामिल हो सकती है।


