Site icon AB News24.in

Teachers Day 2026: रायपुर में राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह… 63 शिक्षक हुए सम्मानित

रायपुर, 05 सितम्बर। Teachers Day 2026: शिक्षक दिवस के मौके पर रायपुर के लोकभवन में राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर काम करने वाले शिक्षक-शिक्षिकाओं को सम्मानित किया।

वर्ष 2025-26 के लिए प्रदेश के 63 उत्कृष्ट शिक्षकों को राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वहीं चार शिक्षकों को अलग-अलग क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान के लिए राज्य शिक्षक सम्मान स्मृति पुरस्कार दिया गया।

इस दौरान स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने वर्ष 2026-27 के राज्य शिक्षक सम्मान के लिए चयनित 64 शिक्षक-शिक्षिकाओं के नामों की घोषणा भी की।

AI के दौर में शिक्षक की भूमिका अहम

राज्यपाल रमेन डेका ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के दौर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डिजिटल तकनीक का महत्व तेजी से बढ़ रहा है। शिक्षकों और विद्यार्थियों को नई तकनीक की जानकारी होना जरूरी है, लेकिन इसका इस्तेमाल जिम्मेदारी और समझदारी के साथ किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि AI हमारा सहायक बने, नियंत्रक नहीं। शिक्षक बच्चों को तकनीक के साथ-साथ संस्कार, अनुशासन और मानवीय मूल्यों की शिक्षा भी दें।

शिक्षा से बनेगा सक्षम समाज

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल पढ़ाने का काम नहीं करते, बल्कि बच्चों के भविष्य और समाज के निर्माण में बड़ी भूमिका निभाते हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कई कदम उठाए जा रहे हैं। 341 स्कूलों को पीएम श्री योजना के तहत विकसित किया जा रहा है। वहीं 150 स्वामी विवेकानंद विद्यालय शुरू किए जा रहे हैं।

बस्तर जैसे दूरस्थ क्षेत्रों में बच्चों को बेहतर शिक्षा देने के लिए ओरछा और जगरगुंडा में एजुकेशन सिटी विकसित की जा रही है। स्थानीय बोली के माध्यम से बच्चों को शुरुआती शिक्षा देने पर भी जोर दिया जा रहा है।

AI आधारित स्मार्ट स्कूलों पर जोर

स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में आधुनिक तकनीक और नवाचार को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसके तहत AI आधारित स्मार्ट स्कूल विकसित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य छत्तीसगढ़ को शिक्षा और नवाचार के क्षेत्र में अग्रणी राज्यों में शामिल करना है।

समारोह में चार शिक्षकों को विशेष राज्य शिक्षक सम्मान स्मृति पुरस्कार भी प्रदान किए गए। कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Exit mobile version