मुंबई, 25 अक्टूबर। Tiger Shroff Firing Case:अभिनेता टाइगर श्रॉफ से जुड़े फायरिंग मामले के बाद बॉलीवुड की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर फिल्म इंडस्ट्री के कलाकारों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। वहीं, मामले की जांच के सिलसिले में इंदौर से 22 वर्षीय युवक को हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है।
AICWA ने की फिल्म इंडस्ट्री की सुरक्षा बढ़ाने की मांग
AICWA ने अपने पत्र में कहा कि बॉलीवुड देश की अर्थव्यवस्था और अंतरराष्ट्रीय पहचान में महत्वपूर्ण योगदान देता है। फिल्म इंडस्ट्री से लाखों लोगों की आजीविका जुड़ी हुई है। ऐसे में गोलीबारी की घटनाओं और अंडरवर्ल्ड से जुड़े खतरों के कारण शूटिंग, निवेश और फिल्म निर्माण प्रभावित हो सकते हैं।
एसोसिएशन ने आशंका जताई कि यदि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बनी रही, तो कलाकार मुंबई छोड़ने के लिए मजबूर हो सकते हैं। संगठन ने केंद्र सरकार से फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
इंदौर से 22 वर्षीय युवक हिरासत में
मामले की जांच के दौरान मुंबई क्राइम ब्रांच ने इंदौर क्राइम ब्रांच की मदद से 22 वर्षीय प्रांजल को हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि वह हरियाणा के सोनीपत का रहने वाला है। संयुक्त कार्रवाई इंदौर के परदेशीपुरा थाना क्षेत्र में की गई।
हथियारों की सप्लाई और अन्य आरोपियों से संपर्क की जांच
जानकारी के मुताबिक, प्रांजल करीब पांच दिन पहले अपने भाई से मिलने इंदौर आया था। जांच एजेंसियां उससे हथियारों की कथित सप्लाई, अन्य आरोपियों से संपर्क और मामले से जुड़ी संभावित साजिश के संबंध में पूछताछ कर रही हैं।
हालांकि, मामले में युवक की भूमिका को लेकर जांच अभी जारी है। पुलिस पूछताछ और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

