Site icon AB News24.in

Timber Smuggling : तालाब, मंदिर और खेतों में छुपाई गई थी लाखों की अवैध लकड़ी…! स्निफर डॉग ने खोला बड़ा राज

Timber Smuggling: Illicit timber worth lakhs was hidden in ponds, temples, and fields...! A sniffer dog uncovered the major secret.

Timber Smuggling

गरियाबंद, 10 जून। Timber Smuggling : खेत, तालाब और मंदिर के आसपास छुपाकर रखी गई लाखों रुपए की अवैध लकड़ियों का आखिरकार वन विभाग ने पर्दाफाश कर दिया। उदंती सीता नदी टाइगर रिजर्व की संयुक्त टीम ने स्निफर डॉग की मदद से एक-एक ठिकाना खंगाला और भारी मात्रा में सागौन, साल और बीजा की लकड़ियां जब्त कीं। कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

गरियाबंद जिले में उदंती सीता नदी टाइगर रिजर्व की संयुक्त टीम ने अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। साहेबिन कछार क्षेत्र में चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान टीम ने करीब 4 से 5 घन मीटर अवैध लकड़ियां और कुछ रेडीमेड फर्नीचर जब्त किए हैं।

जब्त सामग्री में सागौन, साल और बीजा प्रजाति की बहुमूल्य लकड़ियां शामिल हैं। यह कार्रवाई उपनिदेशक वरुण जैन के नेतृत्व में की गई, जिसमें वन विभाग की टीम भी शामिल रही। वन विभाग के मुताबिक, कार्रवाई की भनक लगते ही तस्करों ने लकड़ियों और फर्नीचर को खेतों, तालाबों और मंदिर के आसपास अलग-अलग स्थानों पर छिपा दिया था। तलाशी अभियान के दौरान स्निफर डॉग ने इन छिपे ठिकानों का पता लगाने में अहम भूमिका निभाई।

बताया जा रहा है कि इससे पहले 5 जून को भी वन विभाग ने करीब ढाई घन मीटर अवैध लकड़ी जब्त की थी और एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया था। उसी आरोपी से पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर साहेबिन कछार में यह बड़ी कार्रवाई की गई। फिलहाल वन विभाग ने जब्त सामग्री को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही वन अपराध से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Exit mobile version