Site icon AB News24.in

Tirupati Temple: तिरुपति मंदिर में 207 करोड़ का महादान… उद्योगपति दंपती ने चढ़ाए 121 किलो सोने के आभूषण

आंध्र प्रदेश, 27 नवम्बर। Tirupati Temple: प्रसिद्ध तिरुमाला तिरुपति मंदिर में एक उद्योगपति दंपती ने भगवान वेंकटेश्वर के चरणों में 121 किलो सोने के आभूषण अर्पित किए हैं। चेन्नई के उद्योगपति वर्धमान जैन और उनकी पत्नी राधिका जैन की ओर से दिए गए इन आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 207.6 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इतने बड़े दान की खबर सामने आने के बाद यह देशभर में चर्चा का विषय बन गया है।

CM चंद्रबाबू नायडू की मौजूदगी में सौंपे आभूषण

जानकारी के मुताबिक, 26 नवंबर को उद्योगपति दंपती ने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू की मौजूदगी में तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (TTD) को ये बहुमूल्य आभूषण सौंपे। इस दौरान मंदिर प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद रहे। दंपती ने भगवान वेंकटेश्वर के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हुए यह विशेष भेंट अर्पित की।

46 तरह के आभूषणों से तैयार हुआ सोने का खजाना

दान में कुल 46 प्रकार के आभूषण शामिल हैं। इनमें सोने के मुकुट, हार, बाजूबंद, कंगन, कमरबंद, पायल और अन्य आभूषण शामिल हैं। इन पर हीरे और कई कीमती रत्न भी जड़े हुए हैं।

बताया गया है कि कुल 121 किलो सोने में से करीब 106 किलो के आभूषण भगवान वेंकटेश्वर के लिए तैयार किए गए हैं। वहीं, शेष 15 किलो सोने से देवी पद्मावती के लिए विशेष सोने की साड़ी बनाई जाएगी।

दान की तस्वीरें आईं सामने

इस भव्य दान की तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिनमें बड़ी संख्या में सोने के आभूषण दिखाई दे रहे हैं। मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने भी इस दान के लिए उद्योगपति दंपती की सराहना की और इसे भगवान के प्रति उनकी गहरी आस्था और समर्पण का प्रतीक बताया।

गौरतलब है कि तिरुमाला स्थित भगवान वेंकटेश्वर का मंदिर देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है। यहां हर साल देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। श्रद्धालु अपनी श्रद्धा और सामर्थ्य के अनुसार नकद राशि, सोना, चांदी और अन्य कीमती वस्तुएं दान करते हैं।

Exit mobile version