रायपुर, 16 अक्टूबर। Today India Zimbabwe Match: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर आज महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के ऐतिहासिक मुकाबले की गवाह बनने जा रही है। भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच तीन मैचों की टी-20 सीरीज का पहला मुकाबला शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच शाम 7 बजे से शुरू होगा। इस मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह है।
इस सीरीज में भारतीय महिला टीम की कमान स्मृति मंधाना संभालेंगी, जबकि पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर भी टीम का हिस्सा होंगी। खास बात यह है कि भारतीय महिला टीम पहली बार अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के किसी भी प्रारूप में जिम्बाब्वे की महिला टीम के खिलाफ मैदान पर उतरेगी।
18 और 20 अक्टूबर को होंगे अगले मुकाबले
भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीन मैचों की टी-20 सीरीज का पहला मैच आज खेला जाएगा। सीरीज का दूसरा मुकाबला 18 अक्टूबर और तीसरा मुकाबला 20 अक्टूबर को आयोजित होगा। रायपुर में इन मुकाबलों के जरिए दर्शकों को महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का रोमांच देखने का अवसर मिलेगा।
महिलाओं और युवतियों को मिलेगी फ्री एंट्री
मैच को लेकर दर्शकों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। जानकारी के मुताबिक, स्टेडियम में महिलाओं और युवतियों को प्रवेश निःशुल्क रहेगा। इस पहल का उद्देश्य महिला क्रिकेट को प्रोत्साहित करना और अधिक से अधिक दर्शकों को स्टेडियम तक लाना है।
रायपुर में पहली बार महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच का आयोजन छत्तीसगढ़ के खेल जगत के लिए खास अवसर है। अब सभी की नजरें भारत और जिम्बाब्वे के बीच होने वाले इस मुकाबले पर टिकी हैं।

