रायपुर, 28 सितंबर। Traffic Update: राजधानी रायपुर में गणेश झांकी को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। 28 सितंबर की शाम 6 बजे से शारदा चौक से महादेव घाट तक गणेश झांकी निकाली जाएगी। इसे देखते हुए झांकी मार्ग पर छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
झांकी के दौरान शहर के कई प्रमुख मार्ग प्रभावित होंगे। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने और जरूरत के अनुसार रिंग रोड से आवागमन करने की अपील की है।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शहर में 6 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। यातायात पुलिस ने लोगों से निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़ा करने की अपील की है।
वहीं, झांकी मार्ग पर वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सड़क पर खड़े वाहनों को क्रेन की मदद से हटाया जाएगा, इसलिए वाहन चालकों से झांकी मार्ग पर पार्किंग नहीं करने की अपील की गई है।

