कानपुर, 27 अगस्त। Trainee Plane Crash: कटरी क्षेत्र में गुरुवार दोपहर नत्थूपुरवा गांव के पास एक ट्रेनिंग विमान अचानक अनियंत्रित होकर खेतों में जा गिरा। हादसे में विमान में सवार दोनों ट्रेनी पायलटों की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्विन इंजन वाला ट्रेनिंग विमान अचानक तेज आवाज के साथ खेत में गिरा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने विमान के मलबे से दोनों पायलटों को बाहर निकाला।
हादसे में एक ट्रेनी पायलट गंभीर रूप से घायल हुआ था, जिसे तत्काल हैलट अस्पताल भेजा गया। इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
हादसे के कारणों की जांच शुरू
पुलिस और संबंधित अधिकारियों ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर विमान के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है, लेकिन हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
26 जून को भी हुआ था हादसा
इसी वर्ष 26 जून को भी कानपुर में विमान हादसा हुआ था। गर्ग एविएशन लिमिटेड में पायलट प्रशिक्षण ले रही दिल्ली की एक युवती लैंडिंग के बाद विमान से उतरते समय प्रोपेलर की चपेट में आ गई थी। वह गंभीर रूप से घायल हुई थी और उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
31 साल से संचालित हो रहा फ्लाइंग क्लब
जानकारी के मुताबिक, कानपुर में पिछले 31 वर्षों से फ्लाइंग क्लब का संचालन हो रहा है। मामले की जांच के लिए डीजीसीए की टीम भी शहर पहुंच चुकी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही हादसे की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

